मोहर्रम पर पुलिस का मेगा अलर्ट! ड्रोन-सीसीटीवी की निगरानी में रहेगा शहर, भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
मोहर्रम पर पुलिस का मेगा अलर्ट! ड्रोन-सीसीटीवी की निगरानी में रहेगा शहर, भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई।
बुरहानपुर पुलिस का फ्लैग मार्च, संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा का शक्ति प्रदर्शन; सोशल मीडिया पर भी रहेगी पैनी नजर
बुरहानपुर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बुरहानपुर पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक गौरव पाटिल के नेतृत्व में थाना लालबाग क्षेत्र के ग्राम बिरोदा में पुलिस बल, कोटवारों एवं विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) के साथ भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ आम जनता में सुरक्षा और विश्वास की भावना को बढ़ाना रहा। मार्च ग्राम पंचायत बिरोदा से प्रारंभ होकर पठान वाड़ी, इच्छापुर गली, मस्जिद क्षेत्र, ज्योतिबा फुले चौक, महादेव गली सहित संवेदनशील इलाकों से गुजरते हुए पुनः ग्राम पंचायत परिसर पहुंचकर संपन्न हुआ।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मोहर्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। वहीं पुलिस की टेक्निकल टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी लगातार नजर बनाए रखेगी।
किसी भी प्रकार की भ्रामक, भड़काऊ या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट करने, उसे फॉरवर्ड करने या लाइक करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च में सिटी मजिस्ट्रेट राजेश पाटीदार, तहसीलदार प्रवीण ओहरिया, रक्षित निरीक्षक सुनील दीक्षित, थाना प्रभारी अमित सिंह जादौन, थाना स्टाफ, कोटवार एवं विशेष पुलिस अधिकारी शामिल रहे।
बुरहानपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट जानकारी को साझा न करें और शांति एवं भाईचारे की परंपरा को बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
मोहर्रम पर्व को लेकर पुलिस का साफ संदेश है— कानून से खिलवाड़ करने वालों पर रहेगी कड़ी नजर, जबकि आम नागरिकों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं