भारी बारिश और आंधी से तबाही, किसानों का दर्द सुनने खेतों में पहुंचीं विधायक मंजू दादू
बुरहानपुर
राजू सिंह राठौड़
आंधी ने उजाड़ दिए किसानों के सपने! खेतों में बिखरी करोड़ों की केले की फसल, किसानों के आंसू पोंछने पहुंचीं विधायक मंजू दादू
46 डिग्री की तपिश में खेतों तक पहुंचीं विधायक, बोलीं— हर प्रभावित किसान को दिलाएंगे उचित मुआवजा।
बुरहानपुर जिले के नेपानगर विधानसभा क्षेत्र में 1 जून को शाम करीब 5 बजे आए भीषण आंधी-तूफान और तेज बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया।
प्राकृतिक आपदा ने विशेष रूप से केले की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। कई गांवों में खेतों में खड़ी फसल पूरी तरह जमीन पर बिछ गई, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
फसलों की तबाही की खबर मिलते ही नेपानगर विधायक मंजू दादू प्रशासनिक अमले के साथ प्रभावित गांवों नावरा, दूधिया, हैदरपुर, गोराडिया, डाबिया, नयाखेड़ा, दरियापुर, पलासुर, रतागढ़ और पांचइमली सहित कई क्षेत्रों में पहुंचीं। 46 डिग्री तापमान के बीच विधायक ने खेतों का निरीक्षण कर पीड़ित किसानों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।
किसान गजानंद यादव ने बताया कि उनकी पूरी केले की फसल बर्बाद हो गई है। उन्होंने कहा कि कर्ज लेकर फसल तैयार की थी, लेकिन अब फसल नष्ट होने से परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। किसानों का कहना है कि वे वर्षों पीछे चले गए हैं और साहूकारों का कर्ज चुकाना भी मुश्किल हो गया है।
वहीं किसान किसन धांडे ने बताया कि आंधी-तूफान से उनकी लगभग 70 प्रतिशत केले की फसल नष्ट हो गई। किसान दौलत कोहले ने भी शासन-प्रशासन से जल्द सर्वे कर उचित मुआवजा देने की मांग की।
इस दौरान विधायक मंजू दादू ने किसानों को भरोसा दिलाया कि नुकसान का उचित सर्वे कराकर शासन स्तर पर हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को भी प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
एसडीएम भागीरथ वाखला ने बताया कि प्रभावित किसानों की फसलों का सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे और आकलन के बाद शासन के नियमों के अनुसार किसानों को राहत प्रदान की जाएगी।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं