सड़क मरम्मत या पैसों की बर्बादी? नेपानगर में घटिया काम पर उठे सवाल!
नेपानगर के रेलवे स्टेशन रोड पर चल रहा सड़क मरम्मत कार्य अब सवालों के घेरे में आ गया है। अंबेडकर चौराहे से रेलवे स्टेशन जाने वाली इस महत्वपूर्ण सड़क पर आई बड़ी दरारों को नगर पालिका द्वारा ठेकेदारी में रिपेयर किया जा रहा है, लेकिन काम की गुणवत्ता पर गंभीर आरोप लग रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क की दरारों को भरने के लिए चुरी, गिट्टी और सीमेंट का उपयोग किया जा रहा है, जबकि इसमें जरूरी रेती (सैंड) का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा। हैरानी की बात यह है कि पूरा काम एक ही मजदूर के भरोसे कराया जा रहा है और मौके पर नगर पालिका का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था।
ग्रामीणों और राहगीरों का कहना है कि इस तरह का ‘जुगाड़’ रिपेयर ज्यादा दिन टिकने वाला नहीं है और कुछ ही समय में सड़क फिर से खराब हो जाएगी। ऐसे में यह कार्य सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गया है, जिसका सीधा असर जनता की सुविधा पर पड़ेगा।
उठ रहे हैं भ्रष्टाचार के आरोप
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि इस तरह के घटिया निर्माण कार्य से केवल सरकारी पैसों का दुरुपयोग हो रहा है। बिना निगरानी और गुणवत्ता जांच के किया जा रहा यह काम नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
जिम्मेदार कौन?
लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया, तो सड़क की हालत और खराब होगी और जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और जिम्मेदारों पर कब तक कार्रवाई होती है।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं