A description of my image rashtriya news बेमौसम बारिश का कहर! बुरहानपुर में तबाह हुई फसलें, किसानों की मेहनत पर फिरा पानी। - Rashtriya News Khabre Desh Prdesh Ki

Header Ads

बेमौसम बारिश का कहर! बुरहानपुर में तबाह हुई फसलें, किसानों की मेहनत पर फिरा पानी।

मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में देर रात हुई जोरदार बेमौसम बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। जहां एक ओर आम जन को परेशानी का सामना करना पड़ा, वहीं दूसरी ओर किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया। अचानक हुई इस बारिश ने खेतों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है, जिससे किसानों में मायूसी और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहे हैं।
प्रभावित किसानों के अनुसार, गेहूं, चना और तरबूज जैसी प्रमुख फसलें इस बारिश की चपेट में आ गईं। किसान नवल सिंह राठौड़ ने बताया कि उनके खेत में लगी तरबूज की फसल पूरी तरह से खराब हो गई है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। वहीं किसान राहुल राठौड़ ने कहा कि उनके गेहूं की फसल को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है।
इसी तरह किसान नंदू चौहान ने बताया कि उनके खेत में लगी चना और गेहूं की फसल लगभग बर्बाद हो चुकी है। किसानों का कहना है कि इस समय फसल तैयार होने की स्थिति में थी, ऐसे में बारिश ने उनकी पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया।
अचानक आई इस बेमौसम बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी है। पहले से ही आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे किसानों के लिए यह नुकसान और भी बड़ा झटका साबित हो रहा है।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सर्वे कर नुकसान का आकलन किया जाए और उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए। अब सभी की नजर प्रशासन पर टिकी है कि वह इस संकट की घड़ी में किसानों की कितनी मदद करता है।

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.