मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में खाली कुर्सियां! नेपानगर में डॉ. मोहन यादव का इंतजार, जनता की बेरुखी ने बढ़ाई सियासी हलचल।
बुरहानपुर
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में खाली कुर्सियां! नेपानगर में डॉ. मोहन यादव का इंतजार, जनता की बेरुखी ने बढ़ाई सियासी हलचल।
बुरहानपुर जिले के नेपानगर स्थित नेहरू स्टेडियम में आयोजित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित कार्यक्रम में उस समय अजीब स्थिति बन गई, जब निर्धारित समय के बाद भी कार्यक्रम शुरू नहीं हो पाया। कार्यक्रम का समय दोपहर 12 बजे तय किया गया था, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बावजूद स्टेडियम में अपेक्षित संख्या में जनता नहीं पहुंच पाई, जिसके चलते कार्यक्रम प्रारंभ करने में देरी हो रही है।
स्टेडियम में लगी सैकड़ों कुर्सियां अभी भी खाली नजर आ रही हैं, जो इस कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र की जनता की बेरुखी को साफ तौर पर दर्शा रही हैं। स्थानीय राजनीतिक हलकों में इस स्थिति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि क्षेत्र की जनता में स्थानीय विधायक मंजू दादू के कार्यों को लेकर नाराजगी है, जिसका असर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में भी दिखाई दे रहा है।
दरअसल, इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा करीब 363 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली 127 विकास योजनाओं का भूमि पूजन और लोकार्पण किया जाना है। यह कार्यक्रम क्षेत्र के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, लेकिन कार्यक्रम स्थल पर कम भीड़ ने आयोजकों की चिंता बढ़ा दी है।
स्थानीय प्रशासन और भाजपा संगठन के पदाधिकारी लगातार लोगों को कार्यक्रम स्थल तक लाने की कोशिश में लगे हुए हैं, ताकि कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके। वहीं राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में इस तरह खाली कुर्सियां नजर आती हैं, तो यह स्थानीय नेतृत्व के लिए एक बड़ा संकेत माना जा सकता है।
फिलहाल सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि कार्यक्रम कब शुरू होगा और मुख्यमंत्री के आगमन के बाद क्या स्टेडियम में भीड़ बढ़ेगी या फिर खाली कुर्सियों का यह दृश्य सियासी गलियारों में नई बहस को जन्म देगा।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं