स्टीयरिंग थामे सुशीला ने दिया सशक्तिकरण का संदेश: 'आधुनिक महिला किसान' थीम पर निकाली भव्य ट्रैक्टर रैली
स्टीयरिंग थामे सुशीला ने दिया सशक्तिकरण का संदेश: 'आधुनिक महिला किसान' थीम पर निकाली भव्य ट्रैक्टर रैली।
बुरहानपुर,अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में स्थानीय साईबाबा मंदिर परिसर में अगम महिला मंडल द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 37 गांवों की करीब 500 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर नारी शक्ति का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नेपा विधानसभा क्षेत्र की विधायक सुश्री मंजू दादू रहीं।
महिलाओं को संबोधित करते हुए विधायक दादू ने कहा कि आज महिलाएं देश की रीढ़ बन चुकी हैं। उन्होंने मंडल की प्रगति की सराहना करते हुए आश्वस्त किया कि मंडल हेतु चयनित भूमि के लिए उनका पूर्ण सहयोग रहेगा।
इस अवसर पर जनपद पंचायत खकनार की सीईओ सुनीता बघेल ने मैदानी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने वाली दीदियों को सम्मान पत्र व मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। कृषि वैज्ञानिक डॉ. संदीप सिंह ने 'आधुनिक महिला किसान' की अवधारणा पर जोर देते हुए कहा कि परंपरागत खेती के साथ आधुनिक यंत्रों का सामंजस्य ही सही खेती का संकल्प है।
वहीं टीआई अभिषेक जाधव ने महिला सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए शिक्षा और सही उम्र में विवाह पर बल दिया। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान से सीनियर फैकल्टी श्रीमती क्षमा दास, महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रभारी परियोजना अधिकारी श्रीमती मंदा मोरे एवं नेपानगर पर्यवेक्षक श्रीमती मधु चतुर्वेदी उपस्थित रहे।
आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम भारत के क्षेत्रीय प्रबंधक आर.के. महाजन ने मंडल के बढ़ते कार्यक्षेत्र और महिलाओं की कार्यशक्ति की सराहना करते हुए इसे सशक्तिकरण का बेहतरीन उदाहरण बताया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 'आधुनिक महिला किसान' थीम पर निकाली गई रैली रही, जिसमें घाघरला की सुशीला सुनील स्वयं ट्रैक्टर चलाकर कार्यक्रम स्थल पहुंचीं, जो महिलाओं के बढ़ते आत्मविश्वास का प्रतीक बना।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में बंजारा, गदली, महाराष्ट्रीयन और आदिवासी नृत्यों व भजनों ने समां बांध दिया। इस दौरान मानवीय संवेदना भी देखने को मिली, जब केरपानी की रजनी साडेकर ने अपने बीमार बच्चे के इलाज के लिए किडनी दान करने की बात साझा की, जिस पर उपस्थित दीदियों ने आर्थिक सहयोग राशि एकत्रित की। कार्यक्रम का संचालन मंजू अनिल व नंदिनी राठौड़ ने किया तथा आभार अर्जुन विश्वकर्मा ने माना।
इस अवसर पर कृष्णपाल सिंह, सगर प्रदीप साहू, पूजा गुप्ता, धर्मेन्द्र पाटीदार, प्रीत अंकल, गणेश जगताप, मुकेश चौहान, राहुल तंवर, राजेश जाम्बेकर, नितेश राठौड़, योगेश चौहान, गोपाल राठौड़, किशोर रोठे, मांगीलाल बामने, गोविंद राठौड़, अक्षय साढेकर, किशोरी सोलंकी, दीपक राठौड़ सहित अनेक गणमान्य नागरिक और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं