लाखों का BSNL टॉवर बेकार! वनग्राम बाकड़ी में नेटवर्क ठप, इमरजेंसी में पहाड़ चढ़ने को मजबूर ग्रामीण
लाखों का BSNL टॉवर बेकार! वनग्राम बाकड़ी में नेटवर्क ठप, इमरजेंसी में पहाड़ चढ़ने को मजबूर ग्रामीण
बुरहानपुर।
नेपानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बाकड़ी में लाखों रुपये की लागत से स्थापित बीएसएनएल नेटवर्क कई दिनों से बंद पड़ा है। हैरानी की बात यह है कि बार-बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
ग्राम के निवासी अशोक मेहता ने बताया कि वर्ष 2025 में भारत सरकार द्वारा गांव में बीएसएनएल नेटवर्क की स्थापना की गई थी, लेकिन यह सुविधा कभी चालू तो कभी बंद रहती है। वर्तमान में कई दिनों से नेटवर्क पूरी तरह ठप है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि आपात स्थिति में फोन करने के लिए उन्हें पहाड़ियों पर चढ़ना पड़ता है, तब कहीं जाकर नेटवर्क मिलता है। नेटवर्क के अभाव में बीमार व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाना और एम्बुलेंस या अन्य आपात सेवाओं से संपर्क करना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि नेटवर्क समस्या के कारण कई गंभीर मरीजों की हालत रास्ते में ही बिगड़ जाती है।
वनग्राम की श्रेणी में आने वाले बाकड़ी गांव के लोगों का कहना है कि आजादी के 77 साल बाद भी वे बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। सरकारी योजनाओं का लाभ भी समय पर नहीं मिल पाता।
ग्रामीण अशोक मेहता ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि मामले को तत्काल संज्ञान में लेकर बीएसएनएल नेटवर्क को सुचारु रूप से चालू कराया जाए, ताकि गांव के लोगों को राहत मिल सके।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं