वोटर लिस्ट में महाघोटाले का पर्दाफाश! 40 हजार फर्जी आपत्तियाँ, विधायक मंजू दादू के इशारे पर रचा गया सियासी खेल – कांग्रेस का सनसनीखेज आरोप”
बुरहानपुर जिले में एसआईआई (मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण) के दौरान सामने आए करीब 40 हजार से अधिक फर्जी आपत्तियों के मामले ने प्रदेश की राजनीति में भूचाल ला दिया है। कांग्रेस नेता अजय रघुवंशी ने प्रेस वार्ता कर इस पूरे मामले का बड़ा खुलासा करते हुए आरोप लगाया कि यह सुनियोजित साजिश नेपानगर विधायक मंजू दादू के इशारे पर उनके कार्यकर्ताओं द्वारा अंजाम दी गई।
रघुवंशी ने बताया कि आपत्तिकर्ता रितु राज से फोन पर हुई बातचीत में उसने स्वयं स्वीकार किया कि उसके नाम से दो–तीन आपत्तियाँ दर्ज कराई गई हैं। बातचीत के दौरान रितु राज के कथन— “दीदी और अपन साथ में बैठ जायेंगे… आप भी दीदी के बाहर नहीं हो और हम भी आपके बाहर नहीं हैं”— इस ओर साफ इशारा करते हैं कि पूरे प्रकरण को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। इस बातचीत का ऑडियो-वीडियो सामने आने के बाद विधायक मंजू दादू की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
कांग्रेस का आरोप है कि ये फर्जी आपत्तियाँ जानबूझकर कांग्रेस समर्थकों, विशेषकर दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक वर्ग के मतदाताओं को निशाना बनाकर लगाई गईं, ताकि उनके नाम मतदाता सूची से हटवाए जा सकें। चौंकाने वाली बात यह है कि जिन लोगों के नाम से आपत्तियाँ दर्ज हैं, वे बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात, देवास और खरगोन जैसे स्थानों के बताए जा रहे हैं, जिन्हें खुद यह नहीं पता कि बुरहानपुर कहां है।
जिलाध्यक्ष हेमंत पाटिल ने जिला प्रशासन और चुनाव आयोग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सवाल उठाया कि बिना किसी सत्यापन इतनी बड़ी संख्या में आपत्तियाँ कैसे स्वीकार कर ली गईं। बार-बार शिकायतों के बावजूद अब तक किसी भी फर्जी आपत्तिकर्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज न होना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान है।
कांग्रेस ने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर शीघ्र सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी इसे जनआंदोलन का रूप देगी।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं