खाना खाते ही परिवार के 10 लोग हुए बीमार
खाना खाते ही परिवार के 10 लोग हुए बीमार
अंजनियां में बड़ा हादसा, एक ही परिवार के 10 लोग बीमार
- मासूम ने अनजाने में पीने के पानी में मिलाया कीटनाशक
- बगली गांव में कीटनाशक युक्त पानी पीने से मची अफरा-तफरी
- मासूम समेत पूरा परिवार अस्पताल में भर्ती
मंडला . अंजनियां के समीपस्थ ग्राम बगली में सोमवार की शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 4 वर्षीय मासूम की अनजानी गलती के कारण एक ही परिवार के 10 सदस्य जहरीले पानी का शिकार हो गए। सभी बीमारों को आनन-फानन में जिला अस्पताल मंडला में भर्ती कराया गया है।
जानकारी अनुसार ग्राम बगली निवासी किसान छोटेलाल नंदा ने फसल में छिड़काव के लिए घर में कीटनाशक दवा लाकर रखी थी। शाम के समय घर का 4 वर्षीय मासूम बेटा रणवीर खेलते-खेलते कीटनाशक की बोतल तक पहुँच गया। नादानी में उसने वह कीटनाशक घर में रखी पीने के पानी की टंकी में पलट दिया।
भोजन के बाद बिगडऩे लगी स्थिति
शाम को जब परिवार के सदस्य कछार खेती का काम निपटाकर घर लौटे, तो उन्होंने अनजाने में उसी टंकी के पानी का उपयोग पीने और भोजन बनाने में किया। भोजन करने के कुछ ही देर बाद एक-एक कर परिवार के सभी सदस्यों को पेट में तेज जलन, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। एक साथ इतने लोगों की तबीयत बिगड़ते देख गांव में अफरा-तफरी मच गई।
जिला अस्पताल में उपचार जारी
परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी पीडि़तों को निजी वाहन के जरिए तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। बीमार होने वालों में 1 वर्ष की मासूम वेदिका से लेकर 62 वर्षीय बुजुर्ग शोभाराम नंदा शामिल हैं। घायलों में लक्ष्मण 13 वर्ष, रणवीर 4 वर्ष, गौरा 30 वर्ष, शोभना 13 वर्ष, रातरानी 30 वर्ष, वेदिका 1 वर्ष, कृष्णा 9 वर्ष, छोटेलाल 34 वर्ष और शोभाराम 62 वर्ष सहित अन्य सदस्य शामिल हैं। चिकित्सकों ने बताया कि फिलहाल सभी की स्थिति स्थिर है और उन पर निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन की अपील
इस घटना ने एक बार फिर घर में रखे जहरीले पदार्थों के सुरक्षित रख-रखाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों में अपील की है कि वे कीटनाशकों और अन्य जहरीली दवाओं को हमेशा बच्चों की पहुँच से दूर और सुरक्षित स्थान पर रखें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
rashtriya news

कोई टिप्पणी नहीं