अवैध डंपर-ट्रैक्टरों के खिलाफ गोंडवाना मैदान में
अवैध डंपर-ट्रैक्टरों के खिलाफ गोंडवाना मैदान में
खूनी हादसे नहीं रुके तो सड़कों पर होगा जाम — एसडीएम नैनपुर को सौंपा ज्ञापन
नैनपुर।
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने अवैध रेत परिवहन और तेज रफ्तार डंपर-ट्रैक्टरों के खिलाफ उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। पार्टी नेताओं का कहना है कि आदिवासी समाज के भाई-बहनों का खून इतना सस्ता नहीं कि सड़क पर बहता रहे और प्रशासन मूकदर्शक बना रहे।
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने बताया कि बीते एक सप्ताह में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो निर्दोष लोगों की मौत हुई है—एक पायली सड़क मार्ग पर और दूसरी हीरापुर क्षेत्र में। दोनों घटनाओं ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
हीरापुर की घटना ने उजाड़ दिया पूरा परिवार
हीरापुर में रेत से भरे ट्रैक्टर ने तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में 20 वर्षीय सुरेंद्र उइके की इलाज के दौरान 13 दिन बाद मौत हो गई। सुरेंद्र अपने परिवार का एकमात्र सहारा था। उसके पीछे पत्नी और दो वर्ष का मासूम बच्चा है।
हादसे में उसके पिता भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं और मानसिक रूप से टूट चुके हैं। घर में अब कमाने वाला कोई नहीं बचा, पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बताया गया कि घटना में शामिल ट्रैक्टर थाने में खड़ा है, चालक के पास न तो लाइसेंस था और न ही वैध दस्तावेज।
पायली सड़क मार्ग पर भी दर्दनाक हादसा
पायली सड़क मार्ग पर पिकअप और रेत से भरे ट्रैक्टर की तेज रफ्तार के कारण 18 वर्षीय आशीष पावले गंभीर हादसे का शिकार हुआ। मौके पर ही दोनों पैर टूट गए और सिर में गंभीर चोट आई।
आशीष को सिविल अस्पताल नैनपुर और फिर मंडला जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। आशीष भी अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला था।
सूत्रों के अनुसार हादसे के बाद अब तक संबंधित वाहन पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं।
एसडीएम नैनपुर को सौंपा ज्ञापन
इन घटनाओं के विरोध में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने एसडीएम नैनपुर आशुतोष महादेव ठाकुर को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने मांग की है कि—
अवैध रेत ढोने वाले ट्रैक्टर-डंपरों पर तत्काल रोक लगे
वाहनों की रॉयल्टी, बीमा और परमिट की जांच की जाए
चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की सख्ती से जांच हो
ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार पर सख्त कार्रवाई की जाए
पार्टी नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि वन विभाग की भूमि से अवैध रूप से “बोनस रेत” निकाली जा रही है, लेकिन संबंधित विभाग आंख मूंदे बैठा है।
विभागों की भूमिका तय हो
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि कार्रवाई सिर्फ तब होती है जब मामला मीडिया में आता है या दबाव बनता है।
खनिज विभाग स्टाफ की कमी का बहाना बनाता है, जबकि प्रदेश की मंत्री स्वयं मुख्यालय में मौजूद हैं। वहीं राजस्व विभाग अपनी व्यस्तताओं का हवाला देकर जिम्मेदारी से बच रहा है।
नो-एंट्री के समय भी धड़ल्ले से दौड़ रहे वाहन
पार्टी ने आरोप लगाया कि अलसुबह से दोपहर 12 बजे तक नो-एंट्री के बावजूद नगर में ट्रैक्टर-डंपर बेरोकटोक दौड़ रहे हैं। इससे सड़कें खराब हो रही हैं और हादसों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
अल्टीमेटम
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा में प्रशासन ने ठोस कार्रवाई नहीं की, तो पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी और अवैध ट्रैक्टर-डंपरों के खिलाफ सीधा मोर्चा खोलेगी।
rashtriya news

कोई टिप्पणी नहीं