सिविल अस्पताल नैनपुर को मिले दो नए डॉक्टर
सिविल अस्पताल नैनपुर को मिले दो नए डॉक्टर
जमीनी व्यवस्थाओं पर अब भी उठ रहे सवाल
नैनपुर। मध्य प्रदेश शासन द्वारा प्रत्येक जिले में नए डॉक्टरों की नियुक्ति के क्रम में सिविल अस्पताल नैनपुर को दो नए चिकित्सक मिले हैं। इनमें स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. (एम.एस.) मोनिका भगत एवं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. जमुना चीचाम की पोस्टिंग की गई है। दोनों डॉक्टर शीघ्र ही अपनी सेवाएं देना प्रारंभ करेंगे, जिससे क्षेत्र की जनता को लाभ मिलने की उम्मीद है।
हालांकि, नए डॉक्टरों की नियुक्ति के बावजूद सिविल अस्पताल नैनपुर की जमीनी व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल बने हुए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शाम की ओपीडी में ड्यूटी डॉक्टर के अलावा कोई विशेषज्ञ उपलब्ध नहीं रहता, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
जानकारी के अनुसार, हृदय रोग विशेषज्ञ का वेतन नैनपुर से आहरित हो रहा है, लेकिन उनकी नियमित उपस्थिति नहीं है। इसी प्रकार हड्डी रोग विशेषज्ञ सप्ताह में केवल दो दिन ही सेवाएं दे रहे हैं, जो तीन जिलों के केंद्र माने जाने वाले सिविल अस्पताल नैनपुर के लिए नाकाफी है।
इस स्थिति पर जिला कलेक्टर मंडला को भी ध्यान देने की आवश्यकता बताई जा रही है। वहीं, पूर्व कलेक्टर मंडला सलोनी सिडाना को साधुवाद दिया गया है, जिनके प्रयासों से आदिवासी अंचल को कुछ विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध हो सके।
स्थानीय स्तर पर यह मांग उठ रही है कि सिविल अस्पताल नैनपुर में सातों दिन विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा जिन डॉक्टरों का वेतन नैनपुर से जारी हो रहा है, उनकी सेवाएं भी पूर्ण रूप से अस्पताल को मिलें।
इस संबंध में भोपाल स्तर पर शिकायत भी दर्ज कराई गई है, ताकि सिविल अस्पताल नैनपुर की स्वास्थ्य सेवाओं में वास्तविक सुधार हो सके।
rashtriya news

कोई टिप्पणी नहीं