बस खाई में गिरी, यात्री घायल
बस खाई में गिरी, यात्री घायल
मंडला में दर्दनाक हादसा, बस खाई में गिरी, यात्री घायल
- खुर्सीपार मार्ग में हुआ सड़क हादसा
- प्रशासन का त्वरित बचाव अभियान
- घायलों का उपचार जारी
- भोपाल से मंडला की तरफ आ रही थी न्यू स्टार यात्री बस
- महाराजपुर पुलिस के साथ ग्रामीणों ने की मदद

मंडला . मंडला जिले के महाराजपुर थाना अंतर्गत खुर्सीपार गांव के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना में करीब 8 से 10 यात्री घायल हो गए। भोपाल से आ रही न्यू स्टार बस जारगा जारगी खुर्सीपार मार्ग के पास अनियंत्रित होकर सड़क से खाई में जा घुसी। हादसे की सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना की टीम और डायल 100 की सहायता टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई।



दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बस का ड्राइवर स्टियरिंग में बुरी तरह फंस गया था। उसे जेसीबी मशीन की मदद से बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। घायल यात्रियों को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए निजी वाहनों और डायल 100 सेवा के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया।


पुलिस अधीक्षक मंडला ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और तकनीकी खराबी दोनों पहलुओं को खंगाला जा रहा है। दुर्घटनास्थल पर मौजूद स्टाफ आरक्षक तोप सिंह और पायलट महेंद्र सिंह धुर्वे ने रेस्क्यू कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्थानीय ग्रामीणों ने भी सहयोग किया।


फिलहाल घायल यात्रियों की स्थिति ठीक बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहनों के उचित रखरखाव की पोल खोल दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और गति सीमा का पालन करें जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। पुलिस इस हादसे की जांच कर रही है।
कोई टिप्पणी नहीं