गुरु पूर्णिमा पर दादा धनीराम आश्रम में होगा विशाल भंडारा
गुरु पूर्णिमा पर दादा धनीराम आश्रम में होगा विशाल भंडारा
- गुरु पूर्णिमा उत्सव की तैयारियां जोरों पर
मंडला . गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर महाराजपुर स्थित दादा धनीराम आश्रम में भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन पूज्य श्री श्री 1008 श्री दादा धनीराम की स्मृति, कृपा और उनके दिए गए उपदेशों को समर्पित है। आश्रम प्रबंधन ने इस पुण्य अवसर पर सभी श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को सपरिवार धर्म लाभ लेने का आव्हान किया है।

बताया गया कि गुरु पूर्णिमा का दिन गुरु की महिमा को स्मरण करने और उनके प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित करने का विशेष महत्व रखता है। इस दिन को सेवा, श्रद्धा और अन्नदान जैसे कार्यों के लिए समर्पित किया गया है, और इसी भावना के साथ आश्रम में प्रतिवर्ष विशाल भंडारे का आयोजन किया जाता है। आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और उनके आदर्शों पर चलने का एक माध्यम है।

समिति के सदस्यों ने बताया कि भंडारे का आयोजन 10 जुलाई को प्रात: 10 बजे से दादा धनीराम आश्रम महाराजपुर में होगा। आश्रम समिति ने सभी भक्तों से अनुरोध किया है कि वे इस भक्तिमय और सेवाभाव से भरे आयोजन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर इसे सफल बनाएं। गुरु पूर्णिमा का यह विशेष दिन न केवल आध्यात्मिक शांति प्रदान करेगा, बल्कि समुदाय में एकता और भाईचारे की भावना को भी सुदृढ़ करेगा।
कोई टिप्पणी नहीं