यात्री, स्कूली वाहन और नियम उल्लंघन पर वसूले 9.39 लाख
यात्री, स्कूली वाहन और नियम उल्लंघन पर वसूले 9.39 लाख
- यात्रियों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए चलाया गया विशेष अभियान, मंडला पुलिस रही सख्त
मंडला . मप्र शासन और पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर मंडला जिले में यात्री व स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 13 मई से 31 मई तक एक विशेष संयुक्त जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्कूली और यात्री परिवहन वाहनों की सुरक्षा मानकों की जांच करना था।

जानकारी अनुसार मंडला जिले में यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीमों ने विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और चेकिंग प्वाइंट्स पर गहन निरीक्षण किया। इस दौरान न केवल स्कूल वाहनों बल्कि सामान्य यात्री बसों की भी बारीकी से जांच की गई। सभी स्कूल वाहन संचालकों को निर्देश दिए गए कि वे अपने वाहनों में आकस्मिक सेवा पुलिस, एम्बुलेंस के संपर्क नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें। इस व्यापक अभियान के तहत 127 यात्री बसों और 8 स्कूल बसों में सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर चालानी कार्यवाही की गई और इनसे 1 लाख 57 हजार रूपए का जुर्माना वसूला गया।

परिवहन और पुलिस विभाग ने कहां कि भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण अभियान समय-समय पर किया जाएगा। यदि किसी भी शैक्षणिक संस्था या वाहन संचालक द्वारा सुरक्षा मानकों का उल्लंघन किया गया या नियमों की अनदेखी पाई गई, तो उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी, जिसमें वाहन जब्ती और परिवहन परमिट रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी।

यातायात नियमों के उल्लंघन पर 7.82 लाख का समन शुल्क वसूला
1 मई से 31 मई तक मंडला जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पीओएस मशीन के माध्यम से यातायात नियमों के उल्लंघन पर एक विशेष चालानी अभियान चलाया गया। इस अभियान में जिला पुलिस और यातायात पुलिस ने सघन जांच और निगरानी करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की। इस दौरान जिले भर के 14 थाना, चौकियों में 1521 चालान बनाए गए और नियम उल्लंघन करने वालों से 7 लाख 82 हजार 100 रूपए का समन शुल्क वसूला गया। बताया गया कि पुलिस यातायात नियमों के पालन को लेकर काफी सख्त है।

कोई टिप्पणी नहीं