कलयुगी दामाद ने कर दी ससुर की हत्या
कलयुगी दामाद ने कर दी ससुर की हत्या
- दामाद ने ससुर की हत्या की, पुलिस ने 48 घंटे में किया गिरफ्तार
- घुघरी के ग्राम पीपरदोन नेझर की घटना, आरोपी को भेजा जेल
मंडला . घुघरी थाना क्षेत्र के पीपरदोन नेझर के खेरमाई मोहल्ले में विगत रात्रि लगभग 10 बजे एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसमें एक दामाद ने अपने ही ससुर की जान ले ली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

घुघरी थाना प्रभारी पूजा बघेल ने बताया कि आरोपी दामाद सरमन पिता धरम सिंह 31 वर्षीय ने अपने ससुर मोहन सिंह धूमकेती से धान बेचने के बदले कुछ पैसे मांगे थे। बताया गया कि सरमन ने बेचे गए धान की आधी रकम की मांग की थी, जिस पर मोहन सिंह ने आनाकानी की। इसी बात को लेकर दोनों के बीच मकान की छत पर विवाद हो गया। आक्रोशित सरमन ने ईंट और बबूल की लकड़ी से मोहन सिंह पर हमला कर दिया। मारपीट के बाद आरोपी ने अपने ससुर को छत से नीचे धकेल दिया, जिससे उनकी घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना तत्काल डायल 100 को दी गई। सूचना मिलते ही तत्काल घुघरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मोहन सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघरी ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी पूजा बघेल के नेतृत्व में पुलिस ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू कर दी। जिसके लिए एक टीम गठित की गई। जिसमें उपनिरीक्षक मनोज गौतम, उपनिरीक्षक रामकिशोर माथरे, प्रधान आरक्षक राम सिंह परते, आरक्षक दीपक मसराम, सुंदरलाल ऊइके, आरक्षक शिव परस्ते और महिला आरक्षक जय श्री उईके, टीकाराम परस्ते ने लगातार प्रयास करते हुए 48 घंटे के अंदर घेराबंदी कर आरोपी सरमन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी सरमन के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से आरोपी सरमन को जेल भेज दिया गया।
कोई टिप्पणी नहीं