तापमान में आई गिरावट, मौसम विभाग ने दी चेतावनी
तापमान में आई गिरावट, मौसम विभाग ने दी चेतावनी
- किसानों की हो रही चिंता
- विवाह आयोजनों में व्यवधान उत्पन्न

मंडला . अप्रेल माह में रिकॉर्ड तोड़ तेज गर्मी से जूझ रहे लोगों को मौसम बदलने से कुछ राहत मिली है। शनिवार की शाम से ही शहर के मौसम खराब है। शनिवार की रात तेज आंधी व धूलभरी हवा से अधिकतम पारा एक डिग्री कम रहा। शनिवार की रात तेज हवाओं के कारण बिजली सप्लाई बाधित हुई। कई स्थानों में पेड़ की टहनियां गिरने से लाइल टूटी और शहर के लोगों को रात में कई घंटे बिना बिजली के रहना पड़ा।
जानकारी अनुसार जिले में रविवार को कई स्थानों पर बारिश हुई। जिले में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा। दिनभर में लगभग 1 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण तापमान में गिरावट भी आई है। जहां शनिवार को अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस था। वहीं रविवार को 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। मौसम विभाग के अनुसार वेस्टर्न डिस्टर्बेंस 5.8 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। दक्षिणी पश्चिम राजस्थान के ऊपर 1.5 किमी की ऊंचाई पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी बना हुआ है। बताया गया कि मंडला सहित कई जिलों में अगले दो दिनों में तेज हवाएं, वज्रपात और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।
बताया गया कि रविवार को सुबह से ही तेज धूप व गर्म हवा के थपेड़ों से गर्मी महसूस होने लगी थी। दोपहर ढाई बजे तक तेज धूप से गर्मी हुई। तीन बजे अचानक से बादल छाए और हवा में हल्की ठंडक महसूस होने लगी। कुछ ही देर में धूलभरी हवा के साथ बारिश हुई। जिससे लोगों ने ठंडक महसूश की। बारिश के कारण कुछ जगहों पर बिजली आपूर्ति बाधित हुई, जिससे जिला मुख्यालय में भी बिजली गुल रही।

किसानों की चिंता
बारिश के बाद खेतों में कटाई के लिए खड़ी गेहूं की फसल और मंडी में रखे अनाज की सुरक्षा की चिंता किसानों को सताने लगी है। तेज हवाओं और बारिश के कारण फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान हो सकता है। हालांकि ग्रीष्म कालीन मूंग, मक्का और अन्य फसलों के लिए बारिश लाभ कारी है।
विवाह आयोजनों में व्यवधान उत्पन्न
बताया गया कि रविवार को देर रात तक रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा, जिसके कारण जिले में होने वाले कई विवाह समारोहों में व्यवधान उत्पन्न हुआ। जिले में रविवार को कई शादियां थीं, लेकिन अचानक मौसम बदलने से आयोजनों में परेशानी आई।
कोई टिप्पणी नहीं