आकाशीय बिजली गिरने से चपेट में आए दो शिक्षक पांच बच्चें
- आकाशीय बिजली गिरने से चपेट में आए दो शिक्षक पांच बच्चें
- घुघरी ग्राम पटनीपानी के कुरलू टोला स्कूल की घटना
- 2 शिक्षक और 5 बच्चे हुए घायल, घुघरी अस्पताल में चल रहा उपचार
मंडला मंडला जिला के विकासखंड घुघरी के शासकीय ग्राम पटनीपानी के कुरलू टोला स्कूल के पास आकाशीय बिजली गिरने का असर स्कूल के दो शिक्षक और पांच बच्चे पर पड़ा। आकाशीय बिजली के असर से शिक्षकों ओर बच्चों को घबराहट होने लगी थी। इसकी जानकारी तत्काल डायल 100 को दी गई। स्थानीय लोगों और डायल 100 के जवानों की मदद से सभी को घुघरी अस्पताल उपचार के लिए लाया गया। जहां इनका उपचार चल रहा है। फिलहाल कोई गंभीर स्थिति नहीं है।
जानकारी अनुसार मंडला जिले के घुघरी जनपद पंचायत स्थित ग्राम पटनीपानी के कुरलू टोला स्कूल में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से 7 लोग घायल हो गए। स्कूल में बिजली गिरने से 2 शिक्षक और 5 बच्चे घायल हुए हैं। घायलों को घुघरी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया है। घुघरी बीएमओ डॉ. नीरज राज ने बताया कि 2 वयस्क और 5 बच्चे स्वास्थ्य केंद्र लाए गए हैं। सभी ठीक हैं उन्हें मामूली चोट आई है। सभी की जांच और उपचार किया जा रहा है। घायलों में नजदीकी आंगनवाड़ी केन्द्र का एक चार वर्षीय बालक भी है।
मुख्य मार्ग तक कंधों में बैठाकर लाए घायलों को
बताया गया कि जहां बिजली गिरी थी वह गांव पहुंच विहीन है। घटना के बाद जब वहां कोई वाहन नहीं पहुंचा तो स्थानीय लोग भारी बारिश के बीच घायलों को मुख्य मार्ग तक कंधों पर बैठाकर लाए। शिक्षक ने दुर्घटना की जानकारी घुघरी बीएसी अमित श्रीवास्तव को दी। इसके बाद उनके साथ सलवाह चौकी प्रभारी डायल 100 के साथ मौके पर पहुंचे। डायल 100 और एक स्थानीय वाहन की मदद से सभी घायलों को घुघरी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
डायल 100 की मदद से घायलों को पहुंचा अस्पताल
बताया गया कि आकाशीय बिजली गिरने की घटना के बाद इसकी जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस और डायल 100 को दी गई। घायलों की मदद के लिए डायल 100 स्टाफ आरक्षक रघुनाथ मरावी एवं पायलट प्रदीप यादव पटनी पानी गाँव पहुंचे। आकाशीय बिजली गिरने से चपेट में आने से 05 बच्चों एवं 02 शिक्षकों को घबराहट हो रही थी। डायल 112/100 जवानों ने छात्र अराधना पिता अनूप सिंह मरावी 10 वर्ष, दिनेश कुमार पिता धरम सिंह धुर्वे 11 वर्ष, दर्शन पिता चमरू सिंह पेन्द्रों 11 वर्ष, तवीस पिता पंजुम मरकाम 04 वर्ष, अशवंती पिता राय सिंह धुर्वे 11 वर्ष एवं शिक्षक अर्जुन पिता अमर सिंह धुर्वे 55 वर्ष, रमेश कुमार पिता फग्गन सिंह मरावी 35 वर्ष को प्राथमिक उपचार के लिए डायल 100 एफआरव्ही वाहन एवं चौकी वाहन से घुघरी अस्पताल लाया गया। जहाँ पीडि़त छात्रों एवं शिक्षकों को समय पर उपचार मिला। डायल 100 जवानों की तत्परता से सभी को समय पर उपचार मिला।
कोई टिप्पणी नहीं