कान्हा में चल रहा सात दिवसीय कुकिंग प्रशिक्षण
पर्यटक सुरक्षित पर्यटन के साथ उठाएंगे स्वादिष्ट व्यंजन का लुफ्त
महिलाएं स्वादिष्ट व्यंजन सीखने के साथ अन्य कौशल का ले रही प्रशिक्षण
पर्यटकों के स्वागत के लिए तैयार हो रही महिलाएं
कान्हा में चल रहा सात दिवसीय कुकिंग प्रशिक्षण
नैनपुर - मप्र शासन महिलाओं की सुरक्षा एवं उनको आत्म निर्भर बनाने के लिए कृत संकल्पित है। मप्र टूरिज्म बोर्ड द्वारा संचालित महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना का क्रियान्वयन 20 जिलों के 50 पर्यटन स्थलों पर महिला बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार की निर्भया योजना अंतर्गत किया जा रहा है। परियोजना का मुख्य उद्देश्य पर्यटन स्थलों पर महिला पर्यटकों में सुरक्षा और सहजता का भाव उत्पन्न करना है जिससे वे पर्यटन का आनंद प्राप्त कर सकें।
जानकारी अनुसार महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन स्थल को बढ़ावा देने के लिए परियोजना सहयोगी संस्था सेंटर फॉर एडवांस्ड रिसर्च एंड डेवलपमेंट कार्ड द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना के अंतर्गत संकुल मंडला और कान्हा के मुक्की गेट पर इंस्टिट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट के अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा यह सात दिवसीय कुकिंग प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिसमें 60 महिलाओं ने भाग लिया। इस कुकिंग प्रशिक्षण में 30 मंडला और 30 कान्हा से शामिल हुई। अब ये महिलाएं आगे चलकर पर्यटकों के स्वागत के लिए तैयार होंगी। महिलाएं होटल, रिसोर्ट, रेस्टोरेंट व स्वरोजगार के लिए तैयार हो रही है। इस प्रशिक्षण में वे पारंपरिक, कोदो कुटकी, साउथ इंडियन, चयनीस, चाट, बेकरी जैसे स्वादिष्ट व्यंजन बनाना सीख रही है।
महिला पर्यटक अपने आप को करेंगी सुरक्षित महसूस
बताया गया कि कुकिंग प्रशिक्षण महिला बाल विकास मंडला-बालाघाट व वन स्टॉप सेंटर बैहर के सहयोग से प्रारंभ किया गया है। जिसमें वन स्टॉप प्रशासक सुश्री रचना चौधरी बालाघाट वन स्टॉप सेंटर से श्रीमती प्रीति हरिंद्रखेडे केश वर्कर, विजेता राउत सेंटर एडमिनिस्ट्रेटर, व कार्ड संस्था के क्षेत्रीय समन्वयक लोकेश उपमन्यु, केंद्र प्रबंधक श्रीमती अनीता उपमन्यु उपस्थित रही। इस प्रशिक्षण के बाद महिलाएं आत्मनिर्भर बनने के लिए सक्षम होंगी और मंडला व कान्हा में आने वाले पर्यटक विशेषकर महिला पर्यटक अपने आप को सुरक्षित महसूस करते हुए पर्यटन के साथ स्वादिष्ट व्यंजन का भी लुफ्त उठा सकेंगी।
महिलाएं, निडर व स्वतंत्र रूप से कर सकेंगी पर्यटन
क्षेत्रीय समनवयक कार्ड के लोकेश उपमन्यु ने बताया कि महिलाओं को कुकिंग प्रशिक्षण के अतिरिक्त अन्य कौशल के लिए भी प्रशिक्षत किया जाना आवश्यक है, जिससे वे पर्यटकों को बेहतर अनुभव प्रदान करने में सहयोगी बन सके। परियोजना के संकुल समन्वयक राम रतन मरावी ने बताया कि पर्यटकों के लिए सुरक्षित और समान पर्यटन स्थल जहां विशेष रूप से महिलाएं निडर और स्वतंत्र रूप से अपनी यात्राओं का आनंद लेने के विजन और महिला पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के लिए सक्षम वातावरण बनाने और महिलाओं के अनुकूल समर्थन प्रणाली सुनिश्चित करने के मिशन पर संस्था कार्य कर रही है।
प्रशिक्षण आय अर्जन का एक बेहतर विकल्प
मंडला जिले में अन्य ऐसे प्रशिक्षण आयोजित किये गए है, जिससे महिलाओं को रोजगार मिल रहा है जिन्हे जिला स्तरीय फेडरेशन बनाकर एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त कर रही बालिकाएं, महिलाएं उत्साहित होकर प्रशिक्षण में भाग ले रही है। यह प्रशिक्षण आय अर्जन का एक बेहतर विकल्प है, जहाँ महिलाएं निडर और स्वतंत्र रूप से पर्यटन का आनंद ले सकेंगी। आयोजित प्रशिक्षण में उपस्थित महिलाओं ने सुरक्षित पर्यटन बनाने का संकल्प लिया।
कोई टिप्पणी नहीं