इच्छेश्वर हनुमान मंदिर विवाद फिर सुर्खियों में, सैयदना साहब से मुलाकात की मांग को लेकर ट्रस्ट ने उठाई आवाज।
बुरहानपुर
बुरहानपुर के इच्छेश्वर हनुमान मंदिर से जुड़े वर्षों पुराने विवाद को लेकर एक बार फिर मामला गरमा गया है।
बोहरा समाज के धर्मगुरु डॉ. सैयदना साहब के बुरहानपुर आगमन पर मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने उनसे मुलाकात कर अपनी बात रखने की मांग की, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी।
इसके बाद मंदिर ट्रस्ट ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दरगाह ए हकीमी मैनेजमेंट पर गंभीर आरोप लगाए। ट्रस्ट का कहना है कि धर्मगुरु से एक बार चर्चा हो जाए तो आपसी बातचीत से विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकल सकता है।
इच्छेश्वर हनुमान मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी राकेश तिवारी ने कहा कि डॉ. सैयदना साहब दयालु और सर्वधर्म प्रेमी धर्मगुरु हैं, लेकिन स्थानीय मैनेजमेंट उन्हें उनसे मिलने नहीं दे रहा है।
तिवारी ने विवादित स्थल पर मंदिर की प्राचीनता के प्रमाण के तौर पर वर्ष 1855 और 1868 के दस्तावेज होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1970 के पहले वहां कुछ नहीं होने की बात कही जाती है, जबकि पुराने दस्तावेज मंदिर की मौजूदगी दर्शाते हैं।
ट्रस्ट चाहता है कि धर्मगुरु तक वास्तविक स्थिति पहुंचे और हिंदुओं की आस्था का सम्मान करते हुए मंदिर निर्माण में कोई बाधा न आए।
वहीं मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी महेश चौहान ने भी दरगाह ए हकीमी मैनेजमेंट पर मुलाकात नहीं करवाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मंदिर ट्रस्ट किसी तरह का विवाद नहीं चाहता, बल्कि शांतिपूर्ण बातचीत के जरिए मंदिर से जुड़े मामले का समाधान चाहता है।
चौहान ने दरगाह ए हकीमी मैनेजमेंट पर पांच मंदिरों को तोड़ने का आरोप भी लगाया और पत्रकारों के माध्यम से डॉ. सैयदना साहब तक अपनी बात पहुंचाने की अपील की। इधर, आरोपों के संबंध में दरगाह ए हकीमी के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी मुस्तफा उज्जैनी ने कहा कि फिलहाल सैयदना साहब दुआओं के लिए आए हैं। आगामी दो-तीन माह बाद उर्स के दौरान उनके आगमन पर मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों की मुलाकात जरूर करवाई जाएगी।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें