A description of my image rashtriya news . बुरहानपुर में 11 से 17 दिसंबर तक भागवत ज्ञान सप्ताह, नए सभा मंडप और संत निवास का होगा भूमिपूजन - Rashtriya News Khabre Desh Prdesh Ki

Header Ads

. बुरहानपुर में 11 से 17 दिसंबर तक भागवत ज्ञान सप्ताह, नए सभा मंडप और संत निवास का होगा भूमिपूजन

11 दिसंबर से बुरहानपुर में होगा श्रीमद् भागवत ज्ञान सप्ताह का शंखनाद, 17 दिसंबर तक होंगे धार्मिक आयोजन।

श्री लक्ष्मीनारायण देव के द्विशताब्दी महोत्सव अंतर्गत 197वें पाटोत्सव पर सजेगा भक्ति और आस्था का उत्सव; शास्त्री चिंतनप्रियदासजी करेंगे संगीतमय भागवत कथा, 16 दिसंबर को वड़ताल से प.पू.ध.धु. 1008 आचार्य श्री राकेशप्रसादजी महाराज का होगा आगमन, नए सभा मंडप एवं संत निवास का होगा भूमिपूजन।

बुरहानपुर। शहर के सीलमपुरा स्थित श्री स्वामीनारायण मंदिर में भगवान श्री लक्ष्मीनारायण देव के द्विशताब्दी महोत्सव अंतर्गत 197वें वार्षिक पाटोत्सव के निमित्त संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन 11 से 17 दिसंबर तक किया जाएगा। सात दिवसीय इस धार्मिक महोत्सव में प्रतिदिन कथा, धार्मिक अनुष्ठान, पोथी यात्रा, जल यात्रा, दुग्धाभिषेक एवं संतों के सानिध्य में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। कथा का वाचन शास्त्री चिंतनप्रियदासजी करेंगे। प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 7 बजे तक कथा का समय निर्धारित किया गया है।

11 दिसंबर को पोथी यात्रा के साथ होगा शुभारंभ

आयोजन का शुभारंभ 11 दिसंबर को भव्य पोथी यात्रा के साथ होगा। दोपहर 1 बजे संजय नगर स्थित श्री किशोर हेमलाल शाह एवं मृदुल किशोर शाह के निवास स्थान से पोथी यात्रा प्रारंभ होकर श्री स्वामीनारायण मंदिर सीलमपुरा पहुंचेगी। इसके पश्चात दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक शास्त्री चिंतनप्रियदासजी के मुखारविंद से संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ होगा। 12 एवं 13 दिसंबर को भी कथा के साथ विशेष धार्मिक आयोजन किए जाएंगे।

14 दिसंबर को निकलेगी जल यात्रा

14 दिसंबर को दोपहर 1 बजे भव्य जल यात्रा निकाली जाएगी। इसमें मंदिर सीलमपुरा से श्रद्धालु ताप्ती नदी के राजघाट पहुंचेंगे। यहां से महिलाएं अपने सिर पर कलश धारण कर धार्मिक उल्लास के साथ मंदिर पहुंचेंगी। जल यात्रा में बड़ी संख्या में हरिभक्तों के शामिल होने की संभावना है।

15 दिसंबर को भगवान का 197वां पाटोत्सव

15 दिसंबर को भगवान श्री लक्ष्मीनारायण देव का 197वां वार्षिक पाटोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर सात नदियों के जल एवं विभिन्न फलों के रस के साथ भगवान लक्ष्मीनारायण देव और हरिकृष्ण महाराज का विशेष दुग्धाभिषेक किया जाएगा। मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।

16 दिसंबर को आचार्य श्री राकेशप्रसादजी महाराज का आगमन

आयोजन का विशेष आकर्षण 16 दिसंबर को रहेगा। इस दिन वड़ताल से परम पूज्य धर्मधुरंधर 1008 आचार्य श्री राकेशप्रसादजी महाराज का बुरहानपुर आगमन होगा। उनका राजकीय सम्मान के साथ मंदिर में प्रवेश कराया जाएगा। इसी दिन आचार्यश्री द्वारा नए सभा मंडप के प्रवेश द्वार एवं संत निवास का भूमिपूजन किया जाएगा। साथ ही श्रीमद् भागवत कथा के दौरान श्रद्धालुओं को आचार्यश्री के आशीर्वचन प्राप्त होंगे।

17 दिसंबर को होगा कथा सप्ताह का भव्य समापन

17 दिसंबर को श्रीमद् भागवत ज्ञान सप्ताह का भव्य समापन होगा। सात दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

बैठक में हरिभक्तों से किया आयोजन को सफल बनाने का आह्वान

आयोजन की रूपरेखा को लेकर मंदिर के महंत कोठारी पी.पी. स्वामी ने हरिभक्तों, कथावाचक शास्त्री चिंतनप्रियदासजी, पार्षद दिनेश भगत एवं शास्त्री चंद्रप्रकाश स्वामी के सानिध्य में बैठक आयोजित की। बैठक में सात दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की गई तथा आयोजन को भव्य एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सभी से विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर मंदिर के मीडिया प्रभारी गोपाल देवकर ने भी आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि उत्सव के कुछ यजमान पद रिक्त हैं। इच्छुक हरिभक्तों से इन धार्मिक आयोजनों में यजमान बनकर सहभागी होने का आह्वान किया गया।

मंदिर की ओर से सभी श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से सात दिवसीय श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की गई है।

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.