815 आंगनबाड़ी केंद्रों पर गूंजा सेवा का संकल्प, ‘आंगन मिलन सेवा’ अभियान का हुआ शुभारंभ
815 आंगनबाड़ी केंद्रों पर गूंजा सेवा का संकल्प, ‘आंगन मिलन सेवा’ अभियान का हुआ शुभारंभ
बुरहानपुर। सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ‘आंगन मिलन सेवा उत्सव’ कार्यक्रम का शुभारंभ आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-3, शिकारपुरा में किया गया। जिला कलेक्टर श्री हर्ष सिंह एवं अपर कलेक्टर श्री सृजन वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक श्रीमती अर्चना चिटनीस एवं भाजपा जिला अध्यक्ष श्री मनोज माने उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में वृक्षारोपण के साथ हुई। इसके बाद मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनीस ने आंगन मिलन सेवा के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पौष्टिक आहार एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देते हुए बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
कार्यक्रम में कुपोषित बच्चों को कुपोषण से मुक्त करने का संकल्प भी लिया गया। विधायक ने ‘आंगन मिलन सेवा उत्सव’ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह तीन दिवसीय कार्यक्रम जिले के 815 आंगनबाड़ी केंद्रों पर उत्सव के रूप में आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों, माताओं और गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तक विभागीय सेवाओं एवं पोषण संबंधी जागरूकता को प्रभावी रूप से पहुंचाना है।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री शुभांगी मजूमदार, सहायक संचालक श्री विजय सिंह सोलंकी, परियोजना अधिकारी श्री राम प्रवेश तिवारी एवं श्रीमती वंदना इंगले सहित शहरी-01, शहरी-02 के अधिकारी-कर्मचारी, सेक्टर पर्यवेक्षक एवं अन्य संबंधित उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और कुपोषण मुक्ति को लेकर जनभागीदारी एवं जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं