ईद मिलादुन्नबी को लेकर बुरहानपुर पुलिस अलर्ट! शहर में गूंजा फ्लैग मार्च, ड्रोन-CCTV से होगी चप्पे-चप्पे की निगरानी
ईद मिलादुन्नबी को लेकर बुरहानपुर पुलिस अलर्ट! शहर में गूंजा फ्लैग मार्च, ड्रोन-CCTV से होगी चप्पे-चप्पे की निगरानी
असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर, सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
बुरहानपुर। आगामी ईद मिलादुन्नबी पर्व को लेकर बुरहानपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कानून व्यवस्था बनाए रखने और त्योहार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस ने शहर के संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला।
पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप शेण्डे एवं नगर पुलिस अधीक्षक विनोद सिंह कुशवाह के मार्गदर्शन में पुलिस बल ने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। पुलिस द्वारा CCTV कैमरों और ड्रोन के माध्यम से भी लगातार निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने CCTV कंट्रोल रूम एवं ईद मिलादुन्नबी के दौरान नमाज अदा किए जाने वाले स्थलों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिले में फिक्स पिकेट्स तैनात किए गए हैं, जबकि थाना क्षेत्रों में मोबाइल एवं बाइक पार्टियां लगातार पेट्रोलिंग कर रही हैं।
फ्लैग मार्च थाना कोतवाली से प्रारंभ होकर मंडी चौक, पाल बाजार, रोशन चौराहा, अशरफिया मदरसा, इतवारा गेट, सिंधीपुरा गेट, आजाद नगर चौराहा, हजरत शाह भिखारी दरगाह, सिंधीपुरा चौराहा, बुधवार चौराहा होते हुए मंडी चौक और पुलिस कंट्रोल रूम पर समाप्त हुआ।
फ्लैग मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप शेण्डे, नगर पुलिस अधीक्षक विनोद सिंह कुशवाह, डीएसपी सुनील दीक्षित, रक्षित निरीक्षक नितेश राठौर सहित कोतवाली, शिकारपुरा, गणपति नाका, लालबाग, यातायात एवं अन्य थाना क्षेत्रों का पुलिस बल शामिल रहा।
बुरहानपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री साझा अथवा फॉरवर्ड न करें। पुलिस की टेक्निकल टीम सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संदेश साफ है—त्योहार शांति से मनाएं, अफवाहों से बचें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं