सेवासदन महाविद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साहपूर्वक सम्पन्न
सेवासदन महाविद्यालय, बुरहानपुर में हॉकी के महान जादूगर एवं भारत के गौरव मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के उपलक्ष्य में 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश, उत्साह और खेल भावना के साथ सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा एवं दमखम का शानदार प्रदर्शन किया।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में कबड्डी महिला वर्ग एवं पुरुष वर्ग तथा वॉलीबॉल पुरुष वर्ग की प्रतियोगिताएं प्रमुख रूप से आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों में जीत के प्रति उत्साह के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना भी देखने को मिली। खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।
खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ प्रभारी प्राचार्य डॉ. अनीष पटेल एवं डॉ. सुशील माहेश्वरी द्वारा किया गया। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सहयोग और संघर्षशीलता जैसे गुणों का भी विकास करते हैं।
कबड्डी प्रतियोगिता में श्री गोपाल ठाकुर ने रेफरी की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि वॉलीबॉल प्रतियोगिता का सफल संचालन एवं निर्णायक दायित्व श्री नंदकिशोर यादव द्वारा निभाया गया।
इस अवसर पर सेवा सदन शिक्षा समिति की अध्यक्ष श्रीमती तारिका वीरेंद्रसिंह ठाकुर, समिति सचिव श्री हसमुखलाल जरीवाला, सहसचिव श्री के. डी. पटेल तथा प्राचार्य डॉ. एस. एम. शकील एवं महाविद्यालय स्टाफ ने राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सभी खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
महाविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय खेल दिवस का कार्यक्रम खेल भावना, उत्साह और ऊर्जा से परिपूर्ण रहा। विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता ने यह सिद्ध किया कि सेवासदन महाविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं व्यक्तित्व विकास को भी समान महत्व देता है।
उक्त जानकारी महाविद्यालय की क्रीड़ा अधिकारी श्रीमती मनीषा पाटिल ने दी।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं