आदिवासी अस्मिता का दिखा महासैलाब: नावरा में हजारों ने निकाली भव्य रैली, विधायक मंजू दादू ने किया पारंपरिक नृत्य
आदिवासी अस्मिता का दिखा महासैलाब: नावरा में हजारों ने निकाली भव्य रैली, विधायक मंजू दादू ने किया पारंपरिक नृत्य
नशामुक्ति, शिक्षा और कुरीतियों के खिलाफ एकजुट हुआ आदिवासी समाज; परंपरा-संस्कृति को जीवंत रखने का लिया संकल्प
बुरहानपुर। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर बुरहानपुर जिले के ग्राम नावरा में आदिवासी समाज की एकजुटता, संस्कृति और परंपरा का भव्य प्रदर्शन देखने को मिला। हजारों की संख्या में महिला-पुरुष, बुजुर्ग और युवा पारंपरिक वेशभूषा में एकत्रित हुए और विशाल रैली निकालकर समाज की एकता का संदेश दिया।
रैली में आदिवासी संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिली। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप और लोकनृत्य से पूरा वातावरण उत्साह और उमंग से भर गया। इस दौरान नेपानगर विधायक मंजू दादू और पूर्व विधायक सुमित्रा देवी ने भी आदिवासी समाज के लोगों के साथ पारंपरिक नृत्य कर कार्यक्रम में उत्साह बढ़ाया।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल उत्सव मनाना नहीं, बल्कि समाज को नशे से दूर रखने, शिक्षा से जोड़ने और सामाजिक कुरीतियों एवं अंधविश्वास के खिलाफ जागरूक करने का संदेश देना है। साथ ही आदिवासी समाज की विलुप्त होती परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जीवित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
तुकाराम सायरकार ने कहा कि समाज में फैले अंधविश्वास और कुरीतियों को दूर करना, लोगों को शिक्षित करना तथा समाज को एकजुट कर मुख्यधारा से जोड़ना ही आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ महिलाओं और पुरुषों को भी सामाजिक जागरूकता के अभियान से जोड़ा जा रहा है।
विशाल रैली के बाद आमसभा का आयोजन किया गया, जिसमें समाज की शिक्षा, नशामुक्ति, संस्कृति के संरक्षण और सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाराम मार्को, जिला पंचायत सदस्य रामकली किशन, सरपंच रतन पटेल, धांडे, तुकाराम सायरकार सहित आदिवासी समाज के अनेक जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था
हजारों लोगों की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। पुलिस की मौजूदगी में रैली एवं आमसभा का आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रही।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं