निजीकरण के खिलाफ बुरहानपुर में बैंक कर्मियों की हुंकार! OPS बहाली और NPS खत्म करने की जोरदार मांग।
बुरहानपुर, AIBEA के आह्वान पर आयोजित राष्ट्रव्यापी आम हड़ताल के समर्थन में बुरहानपुर जिले के बैंक कर्मचारियों ने आज एकजुट होकर जोरदार प्रदर्शन किया। बैंक ऑफ इंडिया एम्प्लॉयीज यूनियन, मध्य प्रदेश – बुरहानपुर इकाई के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम ने सार्वजनिक क्षेत्र की मजबूती का स्पष्ट संदेश दिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व यूनियन के सचिव श्री मिथिलेश मिश्रा, अध्यक्ष श्री सुनील बारी, उपाध्यक्ष श्री आलोक कुमार एवं कोषाध्यक्ष श्री प्रमोद चतुर्वेदी ने किया। इस दौरान बैंक ऑफ इंडिया (BOI), बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB), पंजाब नेशनल बैंक (PNB), बैंक ऑफ महाराष्ट्र (BOM) तथा LIC सहित जिले के सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के कर्मचारियों ने AIBEA के बैनर तले एकजुटता का प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने मजदूर विरोधी श्रम संहिताओं को वापस लेने, बैंक/LIC/GIC में निजीकरण एवं विनिवेश पर रोक लगाने, युवाओं को स्थायी रोजगार देने और पर्याप्त भर्तियाँ सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
साथ ही NPS समाप्त कर OPS बहाल करने, आउटसोर्सिंग और ठेका प्रथा खत्म करने तथा आम ग्राहकों पर लगाए जा रहे सेवा शुल्क कम करने की मांग को प्रमुखता से रखा गया।
नेताओं ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र को कमजोर करने के प्रयास देश की आर्थिक संरचना को प्रभावित करेंगे।
कर्मचारियों और आम जनता के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। अंत में यूनियन पदाधिकारियों ने सभी बैंक कर्मियों से भविष्य में भी संगठनात्मक निर्णयों के समर्थन में एकजुट रहने का आह्वान किया।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं