देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में टॉप कर अनंत ने बढ़ाया बुरहानपुर का मान, जायंट्स ग्रुप ने किया सम्मान
बुरहानपुर शहर के प्रतिभाशाली छात्र अनंत जांगड़े ने शैक्षणिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर में एम.कॉम की मेरिट सूची में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में माननीय राज्यपाल मंगू भाई पटेल के हाथों स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अनंत की इस उपलब्धि पर जायंट्स वेलफेयर फाउंडेशन अंतर्गत जायंट्स ग्रुप ऑफ बुरहानपुर सहेली द्वारा विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में फेडरेशन ऑफिसर अंजू काटरवार ने कहा कि अनंत ने न केवल अपने माता-पिता बल्कि पूरे बुरहानपुर का नाम रोशन किया है।
अध्यक्ष मंगला दुबे ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अनंत इसी प्रकार निरंतर प्रगति करता रहे और अपने लक्ष्य को प्राप्त करे, संगठन का आशीर्वाद सदैव उसके साथ है। प्रशासन संचालक प्रेमलता सांकले ने भी अनंत और उनके परिवार को इस उपलब्धि पर बधाई दी।
इस अवसर पर अंजू काटरवार, मंगला दुबे, प्रेमलता सांकले, नंदकिशोर जांगड़े, लेखा जांगड़े सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
अनंत जांगड़े की सफलता ने एक बार फिर साबित किया कि समर्पण, परिश्रम और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता से हर ऊंचाई हासिल की जा सकती है।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें