खूनी संघर्ष में एक वयस्क और दो शावकों की मौत
वर्चस्व की लड़ाई में तीन बाघ की मौत
- कान्हा टाइगर रिजर्व में मुक्की जोन और कान्हा जोन की घटना
- खूनी संघर्ष में एक वयस्क और दो शावकों की मौत
नैनपुर . कान्हा नेशनल पार्क में बाघों के बीच वर्चस्व की लड़ाई में कान्हा के दो अलग-अलग क्षेत्रों में एक वयस्क बाघ और दो शावकों की मौत हो गई। इस घटना की जानकारी पार्क में गश्ती कर रहे पार्क प्रबंधन के कर्मचारियों ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी, जिसके बाद पार्क प्रबंधन ने इन दोनों घटनाओं की पुष्टि की है, जिसके बाद कान्हा पार्क में हड़कंप मच गया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी अनुसार कान्हा नेशनल पार्क में तीन बाघों की मौत की घटना में पहली घटना कान्हा पार्क के मुक्की जोन की है, जहां दो नर बाघों के बीच वर्चस्व के लिए खूनी संघर्ष हुआ। इस क्षेत्रीय लड़ाई में एक वयस्क नर बाघ गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। पार्क प्रबंधन ने बताया कि दूसरी घटना पार्क के कान्हा जोन की है। जहां एक वयस्क नर बाघ ने हमला कर करीब दो माह के दो छोटे शावकों को अपना शिकार बना लिया। कान्हा नेशनल पार्क में इस तरह की घटनाएं बाघों के बीच क्षेत्रीय वर्चस्व के लिए होती है।
हाथी दल ने दी थी सूचना
कान्हा नेशनल पार्क के मुक्की और कान्हा जोन में हुई एक वयस्क बाघ और दो बाघ शावकों की मौत की जानकारी कान्हा के हाथी गश्ती दल के माध्यम से मिली। बताया गया कि गश्ती दल अपने दायित्व निर्वाहन के लिए पार्क की गश्ती कर रहे थे, इसी दौरान गश्ती दल ने बाघ के शवों को देखा तो तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। सूचना मिलते ही पार्क प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और बाघ के शवों को अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
तीनों का किया अंतिम संस्कार
बताया गया कि दोनों बाघ शावकों का पोस्टमॉर्टम करने के बाद तत्काल इनका अंतिम संस्कार कर दिया गया है। इसके साथ ही नर बाघ का पीएम और अंतिम संस्कार आज शुक्रवार को किया जाएगा। पार्क प्रबंधन के अधिकारियों ने बताया कि बाघों के बीच संघर्ष और शावकों को मारने जैसी घटनाएं जंगल में स्वाभाविक मानी जाती हैं, खासकर बाघों की बढ़ती संख्या के साथ उनके बीच क्षेत्र को लेकर प्रतिस्पर्धा बढऩा स्वाभाविक है। फिलहाल कान्हा पार्क प्रबंधन इस घटना की जांच शुरू कर दी है।
rashtriya news

कोई टिप्पणी नहीं