दो उत्कृष्ट टिकट चेकिंग स्टाफ पुरस्कृत
- सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा के लिए मिला सम्मान
नैनपुर. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में टिकट चेकिंग के क्षेत्र में नैनपुर के दो कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य करने के लिए मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। जिसमें वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह भी उपस्थित रहे। बताया गया कि नागपुर मंडल द्वारा यात्री गाडिय़ों और रेलवे स्टेशनों पर लगातार टिकट जांच अभियान चलाए जाते हैं, जिसका उद्देश्य बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों पर अंकुश लगाना और अनाधिकृत वेंडरों पर कार्रवाई कर अनियमितता को दूर करना है। इन अभियानों में टिकट चेकिंग कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए, उनके उत्कृष्ट और निष्ठापूर्ण कार्य के लिए उन्हें समय-समय पर पुरस्कृत कर उनका मनोबल बढ़ाया जाता है।

इस अवसर पर अपने उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन से लगातार अधिक आय अर्जित कर रिकॉर्ड बनाने वाले कुल 15 टिकट चेकिंग कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इनमें नैनपुर से एमके अग्रवाल उप मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, ग्वारीघाट से नीरज यादव उप मुख्य वाणिज्य निरीक्षक को सम्मानित किया गया है। मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार के प्रयासों से न केवल रेलवे की आय में वृद्धि होती है, बल्कि ईमानदार यात्रियों को भी सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव प्राप्त होता है। रेल प्रशासन ने उम्मीद जताई कि अन्य कर्मचारी भी इससे प्रेरणा लेकर इसी तरह लगन और निष्ठा से कार्य करते रहेंगे।
कोई टिप्पणी नहीं