मार्ग तक आ गई दुकानें, कभी भी लग जाता है जाम
मार्ग तक आ गई दुकानें, कभी भी लग जाता है जाम
- मुख्य मार्ग बन गए पार्किंग जोन, यात्री वाहनों को हो रही परेशानी
- ओव्हर लोड, तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई नहीं
- आमजन, राहगीरों की मुसीबत, बस स्टेंड में भी अव्यवस्था
मंडला . नारायणगंज मुख्यालय स्थित बस स्टेंड मार्ग से लेकर अस्पताल मार्ग तक फैले अतिक्रमण का खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है। जिसके कारण आवाजाही में लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। नारायणगंज क्षेत्र की सड़के वैसे ही सकरी है, उसके ऊपर मार्ग किनारे दुकानों द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया है। जिससे मार्ग और सकरा हो गया है। यदि इस मार्ग से दो यात्री वाहन क्रॉस करना चाहे तो बड़ी मशक्कत के बाद दोनों वाहन क्रॉस हो पाते है। मार्ग किनारे अतिक्रमण के साथ वाहनों का भी जमावाड़ा यहां बना रहता है। जिससे आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ती है। आए दिन जाम की स्थिति नारायणगंज बस क्षेत्र में बनती है। जिससे स्थानीयजन के साथ राहगीर भी आक्रोशित है।

जानकारी अनुसार नारायणगंज बस स्टेंड के आसपास समेत अस्पताल मार्ग, टिकरिया मार्ग, मंडला मार्ग में अतिक्रमण फैलता ही जा रहा है। यहां सड़क पर दुकानें आ गई हैं। इसके साथ ही मार्ग किनारे वाहनों की पार्किंग की जा रही है। जिससे सड़के और सकरी हो गई हैं। यहां आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। जिसके कारण अतिक्रमण बढ़ता ही जा रहा है। नारायणगंज के आमजनों में बेहद नाराजगी व्याप्त है।
जाम से आमजन परेशान
स्थानीयजनों ने बताया कि नारायणगंज में बस स्टेंड से बस्ती, बस स्टैंड से जनपद पंचायत कार्यालय मार्ग, बस स्टेंड से जबलपुर मार्ग और मंडला मार्ग की सड़कें सकरी हो गई है। दुकानें के सामने आधी सड़क में वाहनों का जमावाड़ा लग रहा है। अतिक्रमण सड़क में फैल जाने के कारण यहां आवागमन में मुश्किलें हो रही है। आलम यह है कि जाम के हालात बन रहे है। कई बार यहां विवाद की स्थिति तक निर्मित होने के साथ हादसे का भी अंदेशा बना रहता है। आए दिन यहां जाम की समस्या के बीच जनता परेशान होना पड़ रहा है। मार्ग पर लगने वाले जाम से हर वर्ग परेशान हो चुका है। लेकिन इससे निपटने के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किये जा रहे है। स्थानीयजनों ने बताया कि बुधवार को नारायणगंज में साप्ताहिक बाजार लगता है, इस दिन तो यहां के चारो तरफ के मार्ग में पैर रखने की जगह नहीं मिलती है। जाम के बीच लोगो को अपने गंतव्य तक जाना पड़ता है। यदि चार पहिया वाहन इस जाम में फंस गया तो, ये चौपहिया वाहन भी रेंगते हुए अपनी मंजिल तक पहुंच पाता है।

बेतरतीब खड़े हो रहे वाहन
नारायणंज बस स्टैंड में भी वाहन बेतरतीब खड़े हो रहे हैं। जिसके कारण यहां यात्रियों तक को खड़े होने की जगह नहीं होती है। बस स्टेंड आने वाले यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती है। यहां बस स्टेंड भी अतिक्रमण की चपेट में आ चुका है। वाहनों के अलावा अस्थाई अतिक्रमण भी यहां बढ़ गया है। बताया गया कि तहसील मुख्यालय होने के कारण यहां मंडला, जबलपुर, रायपुर नागपुर के लिए यात्री आते है। जिससे बड़ी संख्या में यात्रियों को बस स्टेंड की अव्यस्था से परेशान होना पड़ता है। इस और प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है। बताया गया कि शिकवा, शिकायत के बाद ही औपचारिकता के लिए कार्रवाई की जाती है, जिसके बाद हालात जस के तस बन जाते है। यहां स्थानीय प्रशासन अतिक्रमण को लेकर गंभीर नहीं है। जिसके चलते यहां की जनता में नाराजगी बढ़ती जा रही है। नागरिकों का कहना है कि प्रशासन के द्वारा जानबूझकर कार्रवाई नहीं की जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों की मिलीभगत से ही अतिक्रमण बढ़ रहे हैं।
ओवरलोड वाहन से खतरा
नारायणगंज क्षेत्र में वाहनों में जमकर ओवरलोडिंग की जा रही है। इससे हादसे का भी खतरा बना हुआ है। मुख्यालय से ग्रामीण अंचलों के सवारी ऑटो, जीप और वैन का संचालन किया जा रहा है। इनमें क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर ले जाया जा रहा है। प्रतिदिन अपने काम लेकर नारायणगंज आने वाले लोग इन वाहनों में सफर कर रहे हैं। इन वाहनों के लिए निर्धारित स्टैंड भी नहीं बनाए गए हैं। जिसके कारण नारायणगंज बस स्टैंड में अव्यवस्था बनी रहती है। पुलिस द्वारा जांच कार्रवाई करते हुए सख्ती नहीं की जा रही है। जिससे ओवरलोडिंग की वजह से हादसे का खतरा बना हुआ है। नारायणगंज क्षेत्र में पहले भी ओवरलोडिंग के चलते सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी है। ओवरलोडिंग के साथ तेज रफ्तार से नौसिखिए वाहन चालकों द्वारा वाहन चलाया जा रहा है लेकिन परिवहन और पुलिस द्वारा जांच कार्रवाई नहीं की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं