अद्भुत संयोग में वर वधु ने लिये फेरे
अद्भुत संयोग में वर वधु ने लिये फेरे
- अद्भुत संयोग में 1121 जोड़ो ने लिये फेरे
- 1.27 करोड़ महिलाओं के खाते में राशि हुई अंतरण
- ग्राम सुरखी से इंद्री के बीच 16.61 करोड़ की लागत से बनेगा पुल
- सामूहिक विवाह में जमकर थिरके जनप्रतिनिधि और अधिकारी

मंडला नैनपुर - आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला के बंजर तट पर बसे ग्राम टिकरवारा में एक अद्भूत संयोग में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह, निकाह कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले के लिए 16 अप्रैल का दिन स्वर्णिम दिन के रूप में याद किया जाएगा। यहां आयोजित विवाह कार्यक्रम में 1121 जोड़ों का विवाह कराया गया और प्रदेश की 1 करोड़ 27 लाख से अधिक बहनों के खातों में लाडली बहना योजना की 23वीं किस्त के 1552 करोड़ 38 लाख की राशि का अंतरण किया गया। मुख्यमंत्री ने 232.08 करोड़ रुपये की लागत वाले 66 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण भी किया, जिसमें 150.46 करोड़ रुपये की 28 विकास परियोजनाएं शामिल हैं जिनका भूमिपूजन हुआ, और 81.62 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हो चुके 38 निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने संपतिया उइके की मांग पर ग्राम सुरखी से इंद्री के बीच 16.61 करोड़ की लागत से पुल बनाने की घोषणा की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम में शामिल हुई मंडला की बेटी शुचि उपाध्याय को मंच से सम्मानित किया।

- जानकारी अनुसार प्रदेश के मुख्यमंत्री का आगमन तय समय से एक घंटे देरी से हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर करीब 2.30 बजे मंडला पहुंचे। जिनका स्वागत भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्जवलित व कन्या पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री लाड़ली बहनों के पास पहुंचे और पुष्प वर्षा कर अपनी बहनों का स्वागत किया। अपने बीच मुख्यमंत्री को देखकर लाड़ली बहनों के चेहरे में एक अलग खुशी और उत्साहित नजर आई।
- बताया गया कि इस एतिहासिक दिन को यादगार बनाने प्रदेश के मुख्यमंत्री ने जिले समेत प्रदेश को सौगातें दी। इसके पहले कैबिनेट मंत्री ने जनजातिया अभूषण पहनाया, सांसद ने पारंपरिक साफा पहनाया।

लाड़ली बहनों ने गौड़ी चित्र भेंट किया। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने पुष्प गुच्छ भेंट किया। इस दौरान मंच में मौजूद अतिथियों का स्वागत किया गया। सर्वप्रथम मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के विकास में किये जा रहे कार्यो के विषय में विस्तार से बताया। इसके बाद उन्होंने बंजर नदी में बने टिकरवारा और हिरदेनगर पुल का नाम शंकर शाह, हद्य शाह के नाम से लोकार्पण करने के लिए कहां। इसके बाद उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने विशाल फूलमाला से पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री का स्वागत किया।


मध्यप्रदेश नदियों का है मायका
मुख्यमंत्री ने उद्बोधन देने से पहले लाड़ली बहनों समेत मंचासीन अतिथियों और कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों का अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि वे बहादुरों की धरती पर पहुंचकर गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के नदी जोड़ो अभियान के सपने का उल्लेख करते हुए कहा कि जल्द ही 70 हजार करोड़ की लागत से पार्वती, कालीसिंध और चंबल परियोजना शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश को नदियों का मायका कहा जाता है, लेकिन कुछ स्थानों पर पानी की कमी से पलायन हो रहा था, अब नदी जोड़ो अभियान के माध्यम से ठीक किया जा रहा है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने उज्ज्वला योजना के तहत 55 लाख बहनों के खातों में गैस सिलेंडर की सब्सीडी 57 करोड़ 32 लाख दी गई है। इसके साथ ही इन्होने स्वर्ण प्रशासन का प्रतिवेदन का विमोचन किया।


बेघरों को मिलेगा घर, किसानों को मिलेगी बिल से मुक्ति
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लोकार्पण और भूमिपूजन की बौछार करते हुए आगे कहां कि अब कोई भी गरीब भाई बहन बेघर नहीं होगा, जिनके गरीब भाई बहनों के पक्के मकान नहीं बने है, उनके पक्के मकान बनेंगे। जल्द ही ऐसे लोगों के नाम जोड़े जाएंगे और उन्हें पक्का घर मिलेगा। सरकार चार लोगों के लिए काम कर रही है जिसमें गरीब, महिला, युवा और किसान है। मुख्यमंत्री ने किसानों से कहां कि अब बिजली बिल भरने से छुटकारा मिल जाएगा। सरकार ने तय किया है कि जितने किसान बिजली कनेक्शन लेकर सिंचाई करते है, हम उन किसानों के लिए सोलर पंप लेकर आए है। अब किसानों के खेतों में सोलर लगाया जाएगा। जिससे किसानों को बिजली बिल भरने से मुक्ति मिल जाएगी। इसके साथ ही सोलर से ज्यादा बिजली बनने पर उसे विद्युत विभाग खरीदेगा भी।

16 संस्कारों में विवाह एक प्रमुख संस्कार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 16 संस्कारों में विवाह एक प्रमुख संस्कार है। विवाह संस्कार के माध्यम से वर-वधु नव दाम्पत्य जीवन में प्रवेश करते हैं। मुख्यमंत्री विवाह/निकाह योजना के माध्यम से मंडला जिले में 1100 से अधिक वर-वधु दाम्पत्य जीवन में बंध रहे हैं। उनके विवाह कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक सहित हजारों नागरिक शामिल होकर साक्षी बने हैं। इस योजना के तहत प्रति जोड़े के लिए 55 हजार रूपए प्रदान किए जाते हैं। इस योजना के तहत प्राप्त राशि से वर-वधु अपनी मनपसंद की चीजें खरीद सकते हैं। मुख्यमंत्री विवाह/निकाह योजना से आज पूरा मंडला जिला आनंद से भरा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अभिभावकों से कहा कि अपने बच्चों के लिए पैसों की बचत जरूर करें, अपने बच्चों को खूब पढ़ाएं। उन्होंने डॉ. भीमराव अम्बेडकर के जीवन के बारे में बताते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा प्राप्त करने के लिए संघर्ष किया। सामाजिक समरसता, समता एवं न्यायपूर्ण समाज के लिए कार्य किया। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी अपने जीवनकाल में संघर्ष करते हुए प्रधानमंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद पर पहुंचे हैं।


सभी विकासखंडों में एक वृंदावन गांव बनाया जायेगा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पुरातन संस्कृति को सहेजने के लिए हर विकासखंड में एक वृंदावन गांव बनाया जायेगा। जिससे हमारी आने वाली पीढ़ी पुरातन परंपराओं से परिचित होगी और इससे जुड़कर समाज को आगे लेकर जायेगी। इसी तारतम्य में खरगौन में टंट्या मामा विश्वविद्यालय प्रारंभ किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारी सरकार महिला सशक्तिकरण की दिशा में काम कर रही है, जिसके तहत महिलाओं को स्थानीय निकाय के चुनाव में 50 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया गया है। महिलाओं को संपत्ति रजिस्ट्री में 2 प्रतिशत शुल्क की छूट दी गई है। तेंदूपत्ता श्रमिकों के कल्याण के लिए प्रतिमानक बोरा 4 हजार रूपए कर दिया गया है।

सामूहिक विवाह कार्यक्रम में दिखा लोक संस्कृति का रंग
मुख्यमंत्री विवाह/निकाह योजना कार्यक्रम में लोक संस्कृति का रंग दिखा जहां मंडला जिले के प्रसिद्ध सैला नृत्य की अद्भुत प्रस्तुति की गई, वहीं गुदुम बाजा ने सभी को आकर्षित कर दिया। अलीराजपुर से पहुंचे नृतक दल की नृत्य शैली व भाव-भंगिमा से क्षेत्र के लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र रहा। विवाह समारोह में पंडवानी गायन की छटा भी देखी गई। विवाह समारोह पूरी तरह से लोकरंग में रंगकर सबको उत्साहित किया। आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि आज का दिन उत्सव का दिन है। आज आयोजित मुख्यमंत्री विवाह/निकाह योजना के तहत नव दंपत्तियों ने गृहस्थ जीवन में प्रवेश लिया है। उनके वैवाहिक समारोह में मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और नागरिकगण शामिल हुए। मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने बताया कि प्रदेश सरकार ने आवागमन को सुगम बनाने के लिए सड़कों और पुल-पुलियों का निर्माण किया है।

प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के लिए सतत प्रयासरत है। सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि मंडला जिले में सिचाई क्षमता बढ़ाई जायेगी। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के लिए विशेष पैकेज देने की बात कही। उन्होंने कहा कि जिले में हो रहे विकास कार्यों के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का महत्वपूर्ण योगदान है। आयोजित कार्यक्रम में वर-वधु गृहस्थ जीवन में प्रवेश कर रहे हैं। उन्होंने इसके लिए नव वर-वधुओं को सुखद व उज्जवल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर जिले की विभूतियों शुचि उपाध्याय, विनिता मरकाम, पुष्पेन्द्र बघेल, रोशनी बघेल और पूजा श्रीवास को सम्मानित किया गया और मुख्यमंत्री विवाह/निकाह योजना के हितग्राही, लाड़ली लक्ष्मी योजना के स्वीकृति पत्र, स्व सहायता समूहों को लाभांश राशि का वितरण सहित अन्य हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, विधायक डॉ. चैनसिंह वरकड़े, विधायक नारायण सिंह पट्टा, जिला भाजपा अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका मंडला अध्यक्ष विनोद कछवाहा, नगरपालिका नैनपुर अध्यक्ष कृष्णा पंजवानी, नगर पंचायत बम्हनी बंजर अध्यक्ष मीना हरदहा, जनपद पंचायत मंडला अध्यक्ष सोनू भलावी, जनपद पंचायत अध्यक्ष नैनपुर ओमवती उइके, कमिश्नर जबलपुर श्री अभय वर्मा, आईजी संजय कुमार सिंह, कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा सहित नागरिकगण शामिल थे।
संगीत कार्यक्रम में नेता, मंत्री और अधिकारी थिरके
- ग्राम टिकरवारा बना सांस्कृतिक उत्सव का केंद्र

आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला के लिए 16 अप्रैल का दिन यादगार बन जाएगा। जिले के ग्राम टिकरवारा में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह, निकाह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। यहां विवाह आयोजन के पूर्व संगीत कार्यक्रम में जिले के मंत्री, नेता और अधिकारी जमकर थिरकते नजर आए।
बताया गया कि जिले की ग्राम पंचायत टिकरवाड़ा में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह सम्मेलन के संगीत कार्यक्रम में केबिनेट मंत्री संपतिया उइके, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी झूमते नजर आए। इस दौरान पूरा माहौल उत्सवमयी हो गया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने जमकर न्यौछावर भी किया। बाराती और घराती भी इस उत्साह में पीछे नहीं रहे और उन्होंने भी नृत्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

इस अवसर पर केबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने विवाह में बंध रहे नए जोड़े को आशीर्वाद दिया और कहा कि यह योजना नारी सम्मान और सामाजिक सहयोग का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने आयोजन की भव्यता और सहभागिता की प्रशंसा करते हुए इसे जनउत्सव की संज्ञा दी। कार्यक्रम में पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन, सजावट और आदिवासी संस्कृति की झलक देखते ही बन रही थी। स्थानीय लोगों ने भी इस आयोजन को अभूतपूर्व बताया और कहा कि वर्षों बाद इतना जीवंत और सामाजिक रूप से महत्वपूर्ण आयोजन देखने को मिला है।
कोई टिप्पणी नहीं