किसानों के खाते में पैसा डाला तो कांग्रेस के पेट में दर्द हो गया, चुनाव आयोग को शिकायत कर दी -चौहान- धुलकोट बोरी में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने सभा को किया संबोधित
- धुलकोट बोरी में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने सभा को किया संबोधित
बुरहानपुर। आज दिनभर में पांच सभाएं की। इसी बीच एक बार भोपाल भी गया। वहां 77 लाख किसानों के खाते में 1540 करोड़ डाले हैं। कांग्रेस की हालत देखिए हम किसानों के खाते में पैसा डालते हैं तो उनके पेट में दर्द होता है। यह चिठ्ठी है कांग्रेस कमेटी की। चुनाव आयोग को मेरी शिकायत की कि शिवराज किसानों के खेतों में पैसा डाल रहा है। इसे पैसा डालने से रोका जाए। अरे पैसा डालो तो तकलीफ न डाले तो तकलीफ हो। तुम कर्जा माफ करके मुकर जाओ। तुम अच्छे। मामा बुरा।
यह बात मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने शनिवार को ग्राम धुलकोट बोरी में आयोजित सभा में कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विकास के काम नहीं किए। जनता के कल्याण के काम नहीं किए। कांग्रेस की हमेशा दोगली नीति रही। नेपानगर विधायक सुमित्रा ने कहा कि काम ही नहीं हो रहा है तो कमलनाथ बोले पैसा नहीं है पैसा नहीं है। अरे भाई जब पैसा नहीं तो क्यों मुख्यमंत्री क्यों बने। उन्होंने सुमित्रा से कहा चलो चलो। सुमित्रा ने भी कह दिया चलो चलो। वह भाजपा में आ गई। कांग्रेस ने सारी योजनाएं ठप्प कर दी थी। उन्होंने कहा कि आज नंदु भैया याद आ रहे हैं। जो हमारा मान, सम्मान थे। नंदु भैया हमारा अभिमान थे। ऐसा नेता जिसने जनता के लिए अपनी जिंदगी समर्पित कर दी। उन्होंने कहा पिछली बार उपचुनाव था तब धुलकोट को तहसील बनाने की मांग की थी। अब धुलकोट तहसील बना दी गई है। आपकी मांग पूरी कर दी गई है। अब हमें भाजपा प्रत्याशी ज्ञानेश्वर पाटिल को भारी मतों से जीतकर दिल्ली भेजना है।
यह भी बोले सीएम-
- बिनाई के पट्टे धुलकोट में नहीं पूरे मप्र में सरकारी जमीन, राजस्व की जमीन पर कब्जा है तो पट्टा देने का अभियान चलेगा। मुख्यमंत्री भू-अधिकार योजना बनाई है। जिस घर में एक से ज्यादा लोग पति, पत्नी और उसके बच्चे रह रहे हैं तो रहने की जमीन के पट्टे अलग से दिए जाएंगे। 2006 के पहले नवाड़ के पट्टे दिए जाएंगे।
- आदिवासी क्षेत्रों में राशन आपके द्वार योजना चलाई जाएगी। जहां आदिवासी क्षेत्रों में लोगों को राशन लेने के लिए दूसरे गांव नहीं जाना पड़ेगा। जहां राशन की दुकान नहीं है वहां गाड़ी में राशन रखकर पहुंचाया जाएगा। वाहन आदिवासी युवक ही चलाएगा। बैंक से फाइनेंस कराएगा। मार्जिन मनी शिवराजसिंह सरकार देगी।
- एक साल में एक लाख सरकारी नौकरियों में भर्ती की जाएगी। बैकलॉग के भी सारे पद भरे जाएंगे। ताकि रोजगार के नए अवसर पैदा हो सके। आपके जिंदगी बदलना भाजपा सरकार का लक्ष्य है।
- आदिवासी अपने उपयोग के लिए और बेचने के लिए भी शराब बना सकेंगे। दूसरे राज्यों की तरह हेरीटेज के तहत यह स्कीम लाएंगे। मैं इसका पक्षधर नहीं हूं, लेकिन पकड़ धकड़ होती है। इसलिए छोटे स्तर पर आदिवासियों को यह सुविधा दी जागी। आदिवासियों पर चल रहे छोटे मोटे सारे मुकदमे वापस किए जाएंगे। ताकि सामान्य छोटे मोटे मामलों में अदालतों के चक्कर न लगाना पड़े। जितनी योजनाएं कांग्रेस ने बंद कर दी थी। वह सारी चालू कर रही है। कोई कच्चे घर में नहीं रहेगा। कमलनाथ दादा ने संबल योजना बंद कर दी थी। हमने वापस चालू की। कांग्रेस के पास न दिल्ली में सरकार है न भोपाल में सरकार है। भाजपा के उम्मीदवार ज्ञानेश्वर पाटिल को विजयी बनाएं।
इस दौरान जलसंसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, भाजपा प्रवक्ता अर्चना चिटनिस, पूर्व मंत्री अंतरसिंह आर्य, बहादुरसिंह सौंधिया, नेपानगर विधायक सुमित्रा कास्डेकर, युवा नेता हर्षवर्धनसिंह चौहान, गनसिंह पटेल, अनारसिंह सोलंकी, मंडल अध्यक्ष दीपक सोलंकी, गजेन्द्र पाटिल, राजू पाटीदार सहित भाजपा नेता व ग्रामीण मौजूद रहे।
कोई टिप्पणी नहीं