राज्य महिला आयोग की सदस्य ने महिलाओ से जुड़े मामलों की जानी हकीकत
राज्य महिला आयोग की सदस्य ने महिलाओ से जुड़े मामलों की जानी हकीकत
कौशाम्बी में बुधवार को राज्य महिला आयोग की सदस्य ऊषारानी ने महिला उत्पीड़न के मामलों की सुनवाई की। इस दौरान उन्होंने महिलाओं पर बढ़ते अपराध के मद्देनजर पुलिस के अफसरों को जमकार फटकार लगाई। कहा कि पुलिसिंग व्यवस्था पूरी तरह से धड़ाम हो चुकी है। इसकी रिपोर्ट राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष को पेश की जाएगी।
राज्य महिला आयोग की सदस्य ऊषारानी ने बुधवार को ओसा स्थित मां. कांशीराम अतिथि गृह में महिला उत्पीड़न मामलों की जनसुनवाई की। इस दौरान सैनी थाना क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज की छात्रा ने शिकायत किया कि उसके नाम की किसी ने फेसबुक पर आईडी बना रखी है। जिसमें वह उसकी फोटो भी अपलोड कर दिया है। इससे वह और उसके परिजन काफी परेशान है। करारी थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने बताया कि 15 अक्टूबर की शाम वह घर पर खाना बना रही थी, तभी गांव के चार लोग आए और उसे अकेला पाकर दुराचार का प्रयास करने लगे। महिला ने शोर मचाया तो आस पास लोग घर की ओर लपक पड़े। इस पर आरोपी महिला को जान माल के नुकसान की धमकी देते हुए फरार हो गए। महिला तब से थाने समेत मुख्यालय में बैठे अधिकारियों से लगातार शिकायत कर रही है, लेकिन पुलिस रिपोर्ट नहीं दर्ज कर रही है। वहीं इसी थाना क्षेत्र के दुराचार की पीड़िता ने अपने परिजनों के साथ महिला आयोग की सदस्य से शिकायत किया कि सदर ब्लॉक प्रमुख को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है। सदर कोतवाली के सोनारन का पुरवा गांव के शिवकुमार की पत्नी सितारा देवी ने शिकायत किया कि उसका जेठ परिवारीजनों को पिछले वर्ष मारपीट कर लहूलुहान कर दिया था। इस पर पुलिस ने शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं की तो उसने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। लेकिन अब तक सुलह-समझौते के लिए आए दिन मारते-पीटते रहते है। सदस्य ऊषारानी ने मौजूद सदर सीओ सच्चिदानंद पाठक से सभी मामलों के तत्काल निस्तारण और जरूरी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
सदस्य राज्य महिला आयोग, उषारानी के मुताबिक महिलाओ से जुड़े अपराध की उन्होंने पुलिस अधिकारियों के सामने समीक्षा की है | ज्यादातर मामले में पुलिस जाँच कर रही है | जाँच रिपोर्ट आने से पहले कुछ भी कहना उचित नहीं है | कौशाम्बी में की गई शिकायतों का संज्ञान लेकर वह अपनी रिपोर्ट राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष व् बाल एवं महिला कल्याण मंत्री के सामने रख कर महिलाओ को इन्साफ दिलाने में पीड़िताओं की वह मदद करेगी |
उषा रानी, सदस्य, राज्य महिला आयोग
अरविंद तिवारी की रिपोर्ट
कोई टिप्पणी नहीं